वॉशिंगटन: लास वेगास (Las Vegas) से पोर्टलैंड जा रही एक फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया जब टेक ऑफ से ठीक पहले विमान के ऊपर एक शख्स को टहलते देखा गया. विमान में सवार एक यात्री ने जब यह नजारा देखा तो उसने तुरंत क्रू केबिन सदस्यों की इसकी सूचना दी. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. अभी यह ये साफ नहीं हो पाया है कि आरोपी ने किस उद्देश्य से ऐसा किया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे एक यात्री ने बनाया था.
अमेरिका (America) की अलास्का एयरलाइंस (Alaska Airlines) की फ्लाइट 1367 शनिवार को McCarran इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना होने वाली थी. तभी एक यात्री ने देखा कि विमान की विंग्स पर एक शख्स मौजूद है, जो यहां-वहां टहल रहा है. यात्री ने तुरंत विमान में सवार एयरलाइंस कर्मियों को इससे अवगत कराया, जिसके बाद आरोपी को नीचे उतारा गया. वीडियो में भी दिखाई दे रहा है कि आरोपी कुछ देर टहलने के बाद धीरे से नीचे बैठ जाता है और फिर अपने हाथ हिलाते हुए कुछ बोलता है.
WTH did I just witness… #alaskaairlines #alaskaflight1367 #lasvegas #lasvegasairport pic.twitter.com/vdXsDrrU44
— ErinInWA (@ErinInWA) December 13, 2020
मानसिक बीमार तो नहीं?
एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया. इस दौरान आरोपी शांत बना रहा और उसने किसी भी तरह की आक्रमकता नहीं दिखाई. अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी का उद्देश्य क्या था, लेकिन माना जा रहा है कि शायद वो किसी मानसिक बीमारी से पीड़ित है. पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है.
आखिर Flight पर चढ़ा कैसे?
घटना के बाद सुरक्षा के लिहाज से अलास्का एयरलाइंस के विमान की पूरी जांच की गई. जिसकी वजह से फ्लाइट अपने निर्धारित समय से देरी से उड़ान भर सकी. अभी भी साफ नहीं हुआ है कि आरोपी शख्स कहां से विमान की विंग्स तक पहुंचा. इस घटना को सुरक्षा में चूक के तौर पर भी देखा जा रहा है. प्रशासन का कहना है कि वो हर पहलू की जांच कर रहे हैं और जल्द ही सबकुछ स्पष्ट हो जाएगा.

