रीवा रेलवे स्टेशन में मचा हड़कंप, लिफ्ट में फंसी 7 सवारी, 3 घंटे तक थमी रही सांसे, जबलपुर से आए इंजीनियरों की टीम ने निकाला सुरक्षित बाहर

रीवा रेलवे स्टेशन में बुधवार को इतवारी ट्रेन की 7 सवारी, लिफ्ट में लगभग ढाई से 3 घंटे तक फंसी रही। सवारी के लिफ्ट में फंसने की खबर से, स्टेशन में हड़कंप मच गया। स्थानीय स्तर के प्रयास के बाद, जबलपुर से इंजीनियरों की टीम रीवा रेलवे स्टेशन पहुंची, तब जाकर सवारियों को लिफ्ट से बाहर निकाला गया, और उन्हें उनके घर तक छोड़ने का इंतजाम किया गया। लिफ्ट में फंसने वालों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे, डॉक्टरों की टीम ने उनका मेडिकल चेकअप किया, उसके बाद उनको आगे के सफर के लिए रवाना किया गया।

रीवा रेलवे स्टेशन में इतवारी ट्रेन से सवारियां रोज की तरह स्टेशन में उतरने के बाद, प्लेटफार्म से बाहर निकलने लगी। कुछ सवारियां वहां लगी लिफ्ट के पास पहुंच गई, इस दौरान वहां पर कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति नहीं था। महिलाओं बच्चों सहित सात लोग लिफ्ट के अंदर सवार हो गए, लिफ्ट जैसे ही चली आधे रास्ते में फंस गई। अंदर से चीख पुकार की आवाज आने लगी, जिसको सुनकर धीरे-धीरे वहां पर यात्रियों की भीड़ एकत्र हो गई।

इस बात की जानकारी रेलवे प्रशासन को हुई ,तत्काल ही रेस्क्यू टीम वहां पर पहुंच गई। स्थानीय स्तर पर लिफ्ट को ठीक करने वाली इंजीनियर की टीम पहुंची। यात्रियों को बाहर निकालने के हर तरह से प्रयास किए गए, लेकिन सफलता हांथ नहीं लगी। इस बात की सूचना जैसे ही जबलपुर मंडल को दी गई, वहां से सीएमडी शशांक गुप्ता के नेतृत्व में, एक दल रीवा के लिए रवाना हुआ।

दल ने रीवा पहुंचकर किसी तरीके से लिफ्ट के अंदर फंसे, यात्रियों को सकुशल बाहर निकाला। इस दौरान सुरक्षा के मद्दे नजर एंबुलेंस और डॉक्टर की टीम को भी बुलाया गया। यात्रियों को लिफ्ट से बाहर निकालने के बाद, उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल परीक्षण के बाद सभी यात्रियों को जहां भी जाना था, उनको आगे के सफर के लिए स्टेशन से रवाना कर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here