नर्मदापुरम- सोहागपुर के ग्राम गुराड़िया में पिछले करीब डेढ़ महीने से कुएं में फंसे एक विशाल अजगर को पुलिस आरक्षक अतुल शर्मा ने ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। अजगर की लंबाई करीब 10 फीट बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, आरक्षक अतुल शर्मा संकल्प यात्रा की ड्यूटी के सिलसिले में सेमरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें कुएं में अजगर के फंसे होने की सूचना दी।सूचना मिलते ही आरक्षक मौके पर पहुंचे। कुएं के आसपास ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। अतुल शर्मा रस्सी के सहारे कुएं में उतरे और सावधानी से अजगर को काबू में कर बोरी में सुरक्षित रखा। इसके बाद उसे कुएं से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के बाद अजगर को सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। आरक्षक की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की।


