खरगोन में गांजे की बड़ी खेप जब्त,ऑपरेशन प्रहार में गांजे की सबसे बड़ी कार्रवाई

मप्र के खरगोन जिले के दूरस्थ आदिवासी पहाडी अंचल में गांजे की अवैध खेती का पुलिस ने बडा भंडाफोड किया है। जिले में अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही करते हुएऑपरेशन प्रहार के तहत चैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग- अलग स्थानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ रुपए कीमत के 15 हजार 191 हरे गांजे के पौधे जब्त किए हैं। इन पौधों का कुल वजन करीब 60 क्विंटल बताया जा रहा है। जामली और गुवाड़ा ठाटा फलिया में वन भूमि के पट्टे की जमीन पर अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही थी।

जामली में 9 हजार 391 पौधे, जिनका वजन करीब 3 हजार 765 किलो और कीमत करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपए आंकी गई है। वही गुवाड़ा ठाटा फलिया से 5 हजार 800 पौधे, करीब 2 हजार 209 किलो वजन और लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपए कीमत का गांजा जब्त किया गया।कार्रवाई के लिए चैनपुर, भीकनगांव, बिस्टान, गोगावां थानों और पुलिस लाइन से करीब 75 पुलिस अधिकारी- कर्मचारियों की संयुक्त टीम बनाई गई थी।

पुलिस टीम ने ड्रोन से खेतों की सर्चिंग की और नदी, पहाड़ और दुर्गम रास्तों से होते हुए मौके तक पहुंची। बताया जा रहा है कि इलाका नो-मोबाइल-नेटवर्क वाले शैडो एरिया में था, जहां कई घंटे तक पुलिस की कार्रवाई चली। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं। फिलहाल चारों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

एसपी रविंद्र वर्मा ने बातचीत में इस पूरी कार्रवाई का खुलासा किया है। एसपी वर्मा ने बताया की अब तक की अवैध गांजे को लेकर पुलिस की सबसे बडी कार्यवाही है। पुलिस ने दो अलग अलग जगह से करीब 3 करोड रूपये के 60 क्विंटल गांजे के पौधे जप्त किये है। फिलहाल 4 आरोपी फरार है पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here