छतरपुर के देरी रोड पर शनिवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इलेक्ट्रॉनिक सामान से भरे एक चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के देरी रोड के पास की है।बताया जा रहा है कि ट्रक इलेक्ट्रॉनिक सामग्री लेकर छतरपुर आ रहा था। देरी रोड के पास पहुंचते ही ट्रक के पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। ट्रक में टीवी समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान और बैटरियां भरी हुई थीं।आग लगते ही सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने पुलिस और कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। करीब 30 मिनट बाद फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।ट्रक का पिछला गेट खोलने पर अंदर बैटरियां और इलेक्ट्रॉनिक सामान जलता हुआ मिला। प्रारंभिक तौर पर बैटरी में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई। घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


