छतरपुर। बसंत पंचमी कार्यक्रम के दौरान स्वर्गेश्वर मेला मार्ग पर समतलीकरण के लिए डलवाई गई मिट्टी से सोने के सिक्के और बिस्किटें मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शुक्रवार शाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर सोने के सिक्कों को जप्त कर शासकीय खजाने में जमा कराने की मांग की गई।
आवेदनकर्ता के अनुसार 23 जनवरी 2026 को ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी डलवाई गई थी। 28 जनवरी को बारिश के बाद लक्ष्मी घोसी के घर के पास खुदी नाली में मिट्टी घुलने पर सिक्के दिखाई दिए। बताया गया कि मौके पर मौजूद लोगों ने कथित तौर पर गड्ढे की खुदाई कर सोने के सिक्के, बिस्किटें तथा पुराने आभूषण निकाल लिए। अलग-अलग व्यक्तियों के पास अलग मात्रा में सिक्के और जेवरात होने का दावा किया गया है।
आवेदन में राजगढ़ सरपंच रमेश प्रसाद बिरला ने आरोप लगाया गया है कि सूचना देने के बावजूद सिक्कों की समुचित जप्ती नहीं हुई और मामले में पुलिस की मिलीभगत की आशंका जताई गई है। आवेदक ने मांग की है कि स्वतंत्र जांच समिति गठित कर सभी सिक्कों व जेवरात की बरामदगी कराई जाए और उन्हें शासकीय संपत्ति मानते हुए राजकोष में जमा कराया जाए।