भोपाल/इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से 20 जुलाई को विधानसभा में इंदौर की मृतका उर्मिला सैनी के शोक-संतप्त परिजनों ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वे खुद को अकेला न समझें, सरकार हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़ी है।मृतका की पुत्री प्रेक्षा सैनी अपने नाना सत्यनारायण मालाकार और अन्य परिजनों के साथ मुख्यमंत्री से मिलने भोपाल पहुंचीं थीं। मुख्यमंत्री ने स्व. उर्मिला सैनी के दोनों बच्चों के भविष्य और शिक्षा की सुरक्षा के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। यह राशि दोनों बच्चों के नाम पर फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में जमा की जाएगी और इससे मिलने वाले ब्याज का उपयोग उनकी पढ़ाई-लिखाई में किया जाएगा।


