बीमारी प्रभावित बैगा अंचल में पहुंचे CM मोहन यादव, मृत बच्चों के परिजनों को 2-2 लाख की मदद का ऐलान

बालाघाट के बैगा अंचल में बीमारी के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज प्रभावित गांव बोनदारी और कोरका पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बीमार बैगा परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान बैगा बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने मृत बच्चों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। वहीं बच्चों की मौत के आंकड़ों को लेकर भी सरकार और विपक्ष के दावों में अंतर सामने आया है। कांग्रेस जहां 25 बच्चों की मौत का दावा कर रही है, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 10 मौतों की पुष्टि की है।।

बालाघाट के बिरसा विकासखंड के बैगा बाहुल्य ग्राम कोरका-बोनदारी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बीमारी प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और स्वास्थ्य, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं सहित सरकार की योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। इस दौरान बैगा बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी, तो मुख्यमंत्री ने भी उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पिछले ढाई महीने से बैगा अंचल में बीमारी का प्रकोप बना हुआ है। बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और कई बच्चे अब भी उपचाररत हैं।

बैगा अंचल में बच्चों की मौत को लेकर सियासत भी गरम है। कांग्रेस का दावा है कि बीमारी के चलते करीब 25 बच्चों की मौत हुई है, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 10 बच्चों की मौत की पुष्टि की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह इलाका लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहा, जिसके कारण यहां विकास और बुनियादी सुविधाओं की पहुंच प्रभावित हुई। अब सरकार स्वास्थ्य, रोजगार और जरूरी सुविधाओं को लेकर गंभीरता से काम करेगी। मुख्यमंत्री ने बीमारी से जान गंवाने वाले बच्चों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here