इंदौर में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने दिल्ली में राहुल गांधी द्वारा खोले गए मोर्चे के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ा गणपति से टोरी कॉर्नर तक आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े।, कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं और विपक्ष की ओर से उठाई जा रही आपत्तियों का उचित जवाब नहीं दिया जा रहा है। इसी को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराया।।रैली बड़ा गणपति क्षेत्र से शुरू होकर टोरी कॉर्नर पहुंची। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाकर अपना आक्रोश जताया। पुतला दहन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। कुछ देर तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी जारी रखी। वहीं पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने और पुतला दहन रोकने का प्रयास करते नजर आए। प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दिल्ली में राहुल गांधी जिस तरह चुनाव आयुक्त के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, उसी कड़ी में इंदौर में भी कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रही है। कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखने की बात कही है।


