शाजापुर में डॉक्टर बने भगवान: 5 रुपये के सिक्के से घुट रहा था बच्ची का दम, डॉ. तेजपाल सिंह ने बचाई जान

शाजापुर डॉक्टर को भगवान का दूसरा रूप यूं ही नहीं कहा जाता इस कहावत को शाजापुर जिला चिकित्सालय के डॉक्टर तेजपाल सिंह ने एक बार फिर सच साबित कर दिखाया। समय पर इलाज और सूझबूझ से उन्होंने एक ढाई साल की नन्ही बच्ची की जान बचा ली, जिसके गले में खेल-खेल में 5 रुपये का सिक्का फंस गया था जानकारी के अनुसार, ज्योति नगर निवासी ढाई वर्षीय बच्ची अनायजा अंसारी घर में खेल रही थी। इसी दौरान उसने खेल-खेल में 5 रुपये का सिक्का मुंह में डाल लिया जो सीधा गले में फंस गया। सिक्का फंसते ही बच्ची का दम घुटने लगा और वह जोर-जोर से रोने लगी।

बच्ची की हालत देखकर परिजन घबरा गए आनन-फानन में वे बच्ची को लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर तेजपाल सिंह ने बच्ची की गंभीर हालत देखी। उन्होंने एक मिनट भी खराब किए बिना तुरंत एक्स-रे कराया। एक्स-रे में सिक्का गले में साफ तौर पर फंसा हुआ दिखाई दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉ. सिंह ने तत्काल ऑपरेशन की तैयारी की। कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के साथ उन्होंने एंडोस्कोपी की मदद से बच्ची के गले से 5 रुपये का सिक्का सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ऑपरेशन के बाद बच्ची ने राहत की सांस ली।

फिलहाल बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है और डॉक्टरों की निगरानी में है बच्ची की जान बचने के बाद बच्ची के माता पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। बच्ची के पिता ने भावुक होते हुए कहा, हम तो बहुत डर गए थे। हमें लगा कि बच्ची को बचाने के लिए इंदौर या भोपाल ले जाना पड़ेगा। रास्ते में ही कुछ अनहोनी न हो जाए, इसी बात का डर था। लेकिन शाजापुर जिला चिकित्सालय में पदस्थ डॉक्टर तेजपाल सिंह ने देवदूत बनकर हमारी बच्ची की जान बचा ली।

उनके लिए हम ताउम्र दुआ करेंगे। डॉक्टर साहब का बहुत-बहुत धन्यवादअस्पताल प्रबंधन के अनुसार, डॉ. तेजपाल सिंह इससे पहले भी कई इमरजेंसी केस में अपनी तत्परता से मरीजों की जान बचा चुके हैं। उनकी कार्यशैली और मरीजों के प्रति समर्पण की पूरे जिले में सराहना होती है। इस घटना के बाद एक बार फिर जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों पर लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है। डॉ. तेजपाल सिंह ने परिजनों से अपील की है कि छोटे बच्चों को सिक्के, बटन, बैटरी सेल जैसी छोटी चीजों से दूर रखें। बच्चे अक्सर खेल-खेल में इन्हें मुंह में डाल लेते हैं जो जानलेवा साबित हो सकता है। अगर ऐसी कोई घटना हो तो घबराएं नहीं, तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें

https://www.no2politics.com/wp-content/uploads/2026/05/VID-20260525-WA0044.mp4

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here