सीएम मोहन यादव के काफिले में शामिल हुई इलेक्ट्रिक SUV, ‘विकसित भारत 2047’ का देगा संदेश

भोपाल: भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए अपने आधिकारिक काफिले में पहली बार इलेक्ट्रिक वाहन को शामिल किया है। महिंद्रा की अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक SUV XEV 9e अब मुख्यमंत्री के काफिले का हिस्सा बनेगी। खास बात यह है कि वाहन का नंबर MP 02 VB 2047 रखा गया है, जिसमें ‘VB’ विकसित भारत और ‘2047’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वच्छ ऊर्जा और जीवाश्म ईंधन की खपत कम करने की अपील के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह पहल की है। बुधवार से मुख्यमंत्री इस इलेक्ट्रिक SUV का उपयोग शुरू करेंगे और दिल्ली दौरे के लिए मुख्यमंत्री निवास से स्टेट हैंगर तक इसी वाहन में सफर करेंगे।महिंद्रा XEV 9e एक बार चार्ज होने पर 500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर सकती है। वाहन में 360 डिग्री कैमरा, एडवांस्ड सेफ्टी फीचर्स, पैनोरमिक सनरूफ और फास्ट चार्जिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री इससे पहले भी अपने काफिले में वाहनों की संख्या 13 से घटाकर 7 कर चुके हैं। अब सरकारी काफिले में पहली बार इलेक्ट्रिक कार की एंट्री को ग्रीन गवर्नेंस और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने वाहन की जांच पूरी कर ली है और ड्राइवरों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here