मोटर सुधारने बोरवेल में उतरे पिता-पुत्र की मौत, दोनों को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पन्ना। पवई थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुरा में आज गुरुवार 20 अगस्त की दोपहर एक दिल नहला देने वाला हादसा सामने आया है। खेत में बने बोरवेल में मोटर सुधारने उतरे पिता-पुत्र दोनों अचेत होकर गिर पड़े, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।जानकारी के अनुसार, नारायणपुरा निवासी उजागर लाल वर्मन (55 वर्ष) और उनके पुत्र अतुल वर्मन (30 वर्ष) मुटलन हार स्थित अपने खेत में बोरवेल में रखी सिंचाई मोटर को सुधारने गए थे। बोरवेल लगभग 10 से 12 फीट गहरा था। पहले बेटा अतुल बोरवेल के अंदर उतरा, जो नीचे जाते ही अचानक अचेत हो गया। उसे बचाने के लिए पिता उजागर लाल भी नीचे उतरे, लेकिन वे भी मौके पर ही बेहोश हो गए। जब काफी देर तक दोनों बाहर नहीं निकले, तो परिजनों ने जाकर देखा और तुरंत ग्रामीणों व डायल-100 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पवई पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक के रिश्तेदार शरद वर्मन ने बताया कि बोरवेल में पानी नहीं आ रहा था, जिसे देखने दोनों उतरे थे। पहले लड़का गिरा और उसे बचाने गए पिता भी बेहोश हो गए। परिजनों का अनुमान है कि मोटर में फैले करंट या बिजली के झटके की वजह से यह हादसा हुआ है। वही पवई बीएमओ डॉ. सुरेश सोनी ने बताया कि नारायणपुरा मामले में उजागर लाल वर्मन और अतुल वर्मन दोनों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक जांच के बाद शव परीक्षण की प्रक्रिया शुरू की गई है और मर्ग कायम कर सूचना संबंधित थाने को भेज दी गई है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत का असली कारण क्या रहा—क्या यह बिजली का करंट था या बोरवेल के भीतर बनी जहरीली गैस की वजह से दम घुटना से मौत हुई यह पोस्टमार्टम (PM) रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा। इस असमय हादसे से पीड़ित परिवार और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here