मध्यप्रदेश के खंडवा में आबना नदी के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद सड़क पर गिरे युवक के सिर के ऊपर से ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया गुजर गया। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे का खौफनाक मंजर कैद हुआ है।जानकारी के मुताबिक, आबना नदी के पास दो बाइक सवारों के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई। बताया जा रहा है, कि एक बाइक रांग साइड से आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़ा। तभी वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया उसके सिर के ऊपर से निकल गया।सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है, कि बाइक की टक्कर के बाद युवक सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए के पास जा गिरता है। इसके बाद ट्रॉली का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर जाता है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।हादसे में छोटी बोरगांव निवासी मुकेश गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल है और जिला अस्पताल में भर्ती है।हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। रांग साइड से वाहन चलाने की लापरवाही किस तरह किसी की जिंदगी छीन सकती है, यह हादसा उसकी दर्दनाक तस्वीर पेश करता है।


