भारतीय टीम के सामने क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर न्यूजीलैंड की कड़ी चुनौती है. वेलिंग्टन में 10 विकेटों से मिली हार के बाद भारत दो मैचों की सीरीज में 0-1 से पीछे है और अब उसके लिए बराबरी ही विकल्प है. इस मैच में भारतीय बल्लेबाज कीवी गेंदबाजों को कैसे खेलते हैं, ये तो समय ही बताएगा. लेकिन इतना तय है कि पलड़ा न्यूजीलैंड का भारी है.
IND vs NZ: LIVE SCORE
पहले मैच में भारत के लिए सिवाए दो खिलाड़ियों के कुछ भी सही नहीं रहा था. मयंक अग्रवाल ने दोनों पारियों में विकेट पर टिकने की कला दिखाई थी और दूसरी पारी में पचास का आंकड़ा भी पार किया था. गेंदबाजी में ईशांत शर्मा पांच विकेट लेने में सफल रहे, लेकिन टीम का यह सबसे अनुभवी गेंदबाज दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गया, जिसका कारण टखने में लगी चोट है.
इस समय सबसे मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के तौर पर मशहूर भारतीय गेंदबाज पहले मैच में असरदार नहीं रह पाए थे. न्यूजीलैंड की परिस्थतियां इसके लिए काफी हद तक जिम्मेदार है, जहां गेंदबाजों को अलग तरह की काबिलियत चाहिए होती है और वो होती है गेंद को देर तक स्विंग कराने की.
हेगले ओवल में क्या है रिकॉर्ड
क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल की बात करें, तो इस स्टेडियम में अब तक भारत ने एक भी टेस्ट मैच नहीं खेला है. हेगले ओवल में 2014 से टेस्ट मैच खेले जा रहे हैं. न्यूजीलैंड ने यहां खेले गए 6 मैचों में से 4 में जीत हासिल की है और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक मैच गंवाया है. जबकि एक ड्रॉ रहा. दिलचस्प यह है कि हेगले ओवल में हर बार टॉस जीतने वाली टीम ने पहले फील्डिंग की है.
इस प्रकार हैं टीमें (संभावित) –
भारत: विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, पृथ्वी शॉ, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, उमेश यादव.
न्यूजीलैंड: केन विलियमसन (कप्तान), टॉम ब्लंडेल, टॉम लाथम, हेनरी निकोल्स, रॉस टेलर, कोलिन डी ग्रैंडहोम, बीजे वाटलिंग (विकेटकीपर), काइल जेमिसन, टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट, नील वैगनर.

