ठेकेदार से 55 हजार की रिश्वत मांगी, 14 हजार लेते लोकायुक्त ने एनवीडीए सब इंजीनियर को पकड़ा

खंडवा जिले के पुनासा में बुधवार को लोकायुक्त की टीम ने रिश्वत के मामले में एनवीडीए के सब इंजीनियर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान 61 वर्षीय अशोक गौतम के रूप में हुई है। वह नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के पुनासा स्थित नर्मदा विकास संभाग क्रमांक-28 में पदस्थ है। कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त टीम ने उसके पास से रिश्वत के 14 हजार रुपए बरामद किए।मामला एक ठेकेदार से जुड़ा है।

खरगोन जिले के सनावद तहसील के ग्राम धूलवाड़ा निवासी 40 वर्षीय लखन राठौर ठेकेदारी करता है। उसने वर्ष 2024 में एनवीडीए पुनासा में चौकीदार कक्ष और जनरेटर कक्ष बनाने का काम लिया था। करीब एक साल में निर्माण कार्य पूरा करने के बाद उसने भुगतान के लिए विभाग में बिल जमा किए थे।बताया गया है, कि ठेकेदार को अब तक करीब 13 लाख रुपए का भुगतान मिल चुका था, जबकि कुछ राशि अभी बाकी थी। इसके साथ ही निर्माण कार्य के दौरान जमा की गई सिक्योरिटी डिपॉजिट भी वापस की जानी थी।

आरोप है, कि बकाया भुगतान और सिक्योरिटी डिपॉजिट लौटाने के बदले सब इंजीनियर अशोक गौतम ने ठेकेदार से 55 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। परेशान होकर ठेकेदार ने 10 सितंबर को इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की।शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त अधिकारियों ने रिश्वत मांगने की बात का सत्यापन कराया। पुष्टि होने के बाद पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देशन में ट्रैप की योजना बनाई गई।

बुधवार को निरीक्षक सचिन पटेरिया अपनी टीम के साथ पुनासा पहुंचे। ठेकेदार जैसे ही आरोपी को रिश्वत की 14 हजार रुपए की राशि देने पहुंचा, टीम ने उसे पकड़ लिया। कार्रवाई नर्मदा विकास संभाग क्रमांक-28 के तकनीकी कक्ष में की गई।लोकायुक्त ने रिश्वत की रकम बरामद कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। खास बात यह है कि अशोक गौतम की सेवानिवृत्ति में करीब दो महीने ही बाकी बताए जा रहे हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

https://www.no2politics.com/wp-content/uploads/2026/09/1812391.mp4

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here