मुरैना। चंबल क्षेत्र में प्रतिबंधित रेत के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए बनाई गई चेक पोस्ट पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर चौकी से टकरा गया, जिससे ड्यूटी पर तैनात वन विभाग और एसएएफ के जवानों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक वनरक्षक घायल हो गया, जबकि अन्य 11 जवानों ने भागकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से ग्वालियर की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-44 पर वन विभाग और एसएएफ के कुल 12 जवान चंबल क्षेत्र से प्रतिबंधित रेत के परिवहन की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान ट्रक क्रमांक HR38 Z 0324 तेज गति से आया और अचानक अनियंत्रित होकर जवानों की ओर मुड़ गया।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। ड्यूटी पर मौजूद जवानों ने तत्काल भागकर खुद को सुरक्षित किया, लेकिन एक वनरक्षक ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया। घायल जवान को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
उल्लेखनीय है कि Supreme Court of India के निर्देशों के बाद मुरैना प्रशासन, पुलिस और वन विभाग द्वारा चंबल क्षेत्र में प्रतिबंधित रेत के अवैध परिवहन को रोकने के लिए विभिन्न स्थानों पर विशेष चेक पोस्ट स्थापित की गई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।