छतरपुर: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर आध्यात्मिक यात्रा पर निकलने जा रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि वे हिमालय स्थित बद्रीनाथ धाम में विशेष साधना करने के लिए प्रस्थान करेंगे।
शास्त्री के अनुसार, यह साधना हिंदू राष्ट्र की कामना और सनातन धर्म के उत्थान के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने कहा कि साधना का वास्तविक अर्थ स्वयं को अनुशासित करना और मन व इंद्रियों पर नियंत्रण पाना है।
यात्रा कार्यक्रम के तहत वे 4 मई को बागेश्वर धाम से प्रस्थान करेंगे और 6 मई से साधना विधिवत प्रारंभ होगी, जो लगातार 21 दिनों तक चलेगी।साधना पूर्ण होने के बाद, बद्रीनाथ धाम में ही 26 मई से 30 मई तक श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। इस कथा का सीधा प्रसारण उनके आधिकारिक यूट्यूब चैनल के माध्यम से किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के श्रद्धालु भी जुड़ सकेंगे।
उन्होंने अपने भक्तों से साधना की सफलता के लिए प्रार्थना करने की अपील की है। साथ ही बुंदेलखंड क्षेत्र—छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़ और झांसी के लोगों से बागेश्वर धाम की व्यवस्थाओं का ध्यान रखने और नियमित रूप से वहां आते रहने का आग्रह किया है।पंडित शास्त्री ने कहा कि वे देश और सनातन धर्म के लिए समर्पित भाव से इस यात्रा पर जा रहे हैं और साधना व कथा पूर्ण होने के बाद जून माह में पुनः बागेश्वर धाम लौटेंगे।


