एनजमीना: चाड (Chad) के राष्ट्रपति इदरिस डेबी इतनो (Idriss Déby Itno) विद्रोहियों के खिलाफ चल रही लड़ाई में मंगलवार को युद्ध के मैदान में मारे गए. वे पिछले करीब तीन दशकों से मध्य अफ्रीकी देश चाड के राष्ट्रपति थे. देश की सेना ने राष्ट्रीय टेलीविजन और रेडियो पर यह घोषणा की.
महामत संभालेंगे चाड का शासन
सेना ने बताया कि डेबी के 37 वर्षीय पुत्र महामत इदरिस डेबी इतनो (Idriss Déby Itno) अब 18 महीने के संक्रमणकालीन परिषद का नेतृत्व करेंगे. इसके साथ ही सेना ने देश में शाम 6 बजे से नाइट कर्फ्यू लगाने की भी घोषणा की.
सुदूर क्षेत्र में है घटनास्थल
घटनास्थल सुदूर क्षेत्र में बताया जा रहा है. ऐसे में डेबी (Idriss Déby Itno) की किन परिस्थितियों में मौत हुई, उसकी फिलहाल स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. यह भी पता नहीं चला है कि राष्ट्रपति उत्तरी चाड के अग्रिम क्षेत्र में क्यों गए. क्या उनके शासन का विरोध कर रहे विद्रोहियों के साथ उन्होंने संघर्ष में हिस्सा लिया. उनके मारे जाने की यह जानकारी राष्ट्रपति चुनाव में डेबी को विजेता घोषित किये जाने के कुछ ही घंटे बाद आई है. ये चुनाव 11 अप्रैल को हुए थे. इस चुनाव में जीत से उनका और 6 वर्षों के लिए सत्ता में बने रहने का मार्ग प्रशस्त हो गया था.
पूर्व कमांडर इन चीफ थे डेबी
सेना के पूर्व कमांडर-इन-चीफ रहे डेबी (Idriss Déby Itno) 1990 में सत्ता में आए थे. उस वक्त विद्रोही बलों ने तत्कालीन राष्ट्रपति हिसेन हबरे को पद से हटा दिया. बाद में उन्हें सेनेगल में अंतरराष्ट्रीय अधिकरण ने मानवाधिकारों के उल्लंघन का दोषी ठहराया था. इन वर्षों में डेबी ने कई सशस्त्र विद्रोह का सामना किया, इसके बावजूद वे सत्ता में बने रहे. उनके खिलाफ इस नयी बगावत का नेतृत्व खुद को ‘फ्रंट फॉर चेंज’ और ‘कॉन्कॉर्ड इन चाड’ बताने वाला समूह कर रहा था.
विद्रोहियों ने छेड़ रखी है लड़ाई
ऐसा समझा जाता है कि विद्रोही हथियारबंद थे और उन्हें पड़ोसी लीबिया में प्रशिक्षण मिला था. उसके बाद वे 11 अप्रैल को उत्तरी चाड (Chad) में घुसे. डेबी अफ्रीका (Africa) में इस्लामी चरमपंथ के खिलाफ लड़ाई में फ्रांस के बड़े सहयोगी थे. डेबी के पुत्र महामत उस प्रयास में हिस्सा लेने वाले चाड के बल के शीर्ष कमांडर रह चुके हैं.
LIVE TV

