मध्यप्रदेश के सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। यहां एक सनकी आशिक ने एकतरफा प्यार में पागल होकर 11 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को नीले ड्रम में छिपा दिया।जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान शिवराज रजक (11 वर्ष), पिता रमेश रजक, निवासी नयागांव थाना सभापुर के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता के साथ बैंक कॉलोनी में संतोष विश्वकर्मा के यहां किराए से रह रहा था। घटना आज दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है।बताया जा रहा है कि आरोपी मथुरा रजक (45 वर्ष), निवासी बस स्टैंड सतना, मृतक की मां से जबरन शादी करना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। घटना के दिन आरोपी महिला के घर पहुंचा, लेकिन महिला घर पर नहीं मिली। इसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर बच्चे पर हमला कर दिया और हंसिए से उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के इरादे से बच्चे के शव को पास में रखे एक नीले ड्रम में बंद कर दिया और घर के बाहर ताला लगाकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।मामले में शिवेश सिंह बघेल ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


