न्यूयॉर्क: 2016 में अमेरिका में हुए चुनाव में रूसी हस्तक्षेप का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. अमेरिकी सीनेट की रिपब्लिकंस की अगुवाई वाली कमेटी ने मंगलवार को कहा कि रूस ने रिपब्लिकन राजनीतिक कार्यकर्ता पॉल मानाफोर्ट और विकिलीक्स वेबसाइट (WikiLeaks) के इस्तेमाल से ट्रंप को 2016 का चुनाव जीतने में मदद की.
966 पेज की सीनेट रिपोर्ट में कहा गया है कि विकीलीक्स ने डेमोक्रेट हिलेरी क्लिंटन को हराने और रिपब्लिकन ट्रंप को जिताने के रूस के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. अहम बात तो ये है कि विकीलीक्स को ये अंदाजा भी था कि वो रूसी इंटेलीजेंस की मदद कर रही है
रिपोर्ट में पता चला है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने खुद डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़े कंप्यूटर नेटवर्क को हैक करने के रूसी प्रयासों को निर्देश दिया और ऐसी इनफॉरमेशन लीक की, जो हिलेरी क्लिंटन की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली थी.
एरिजोना के युमा में एक कार्यक्रम में जब ट्रंप से इस रिपोर्ट के बारे में पूछा गया तो उनका का जवाब था, ‘मुझे इसके बारे में कुछ नहीं पता. मैंने इसे नहीं पढ़ा है. ये सब झूठ है’. इंटेलीजेंस पर सीनेट की सेलेक्ट कमेटी ने आरोप लगाया है कि रिपबल्किन मानाफोर्ट ने रूस के साथ ये सांठगांठ की है, जिसमें ओलेग डेलीपस्का और रूसी इंटेलीजेंस ऑफिसर कोन्सटेंटिन किलिम्निक भी शामिल थे. चुनाव से पहले, चुनाव के दौरान और बाद में भी.
पैनल ने पाया कि मानाफोर्ट की भूमिका और ट्रंप से निकटता ने रूसी इंटेलीजेंस के लिए ये मौके बनाए. रिपोर्ट कहती है कि, ‘उसकी उच्च स्तरीय पहुंच और रूसी इंटेलीजेंस अधिकारियों से सूचनाएं साझा करने की इच्छा ने देश की इंटेलीजेंस एजेंसियों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर दिया है. इस मुद्दे पर मानाफोर्ट के वकील ने कोई भी बयान देने से इनकार कर दिया. विकीलीक्स ने भी फौरन प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया है.
ये अभी स्पष्ट नहीं है कि आने वाले राष्ट्रपति के चुनावी अभियान में ये रिपोर्ट क्या असर छोड़ने वाली है. ट्रंप 3 नवंबर को डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बिडेन का मुकाबले में सामना करेंगे.
अमेरिकी चुनावों में रूस के कथित हस्तक्षेप की जांच की अमेरिका ने दो साल पहले शुरुआत की थी. हालांकि रूस हमेशा से इन आरोपों को नकारता आया है. जिसकी अध्यक्षता स्पेशल काउंसेल रॉबर्ट मुलर ने की थी.
पिछले साल रिलीज हुई एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुलर को कोई भी ठोस सुबूत इस बात का नहीं मिला कि ट्रंप के चुनावी कैंपेन में रूस का कोई हाथ था. उन्होंने ऐसे 10 उदाहरण दिए, जिसमें ट्रंप ने जांच में बाधा डालने की कोशिश की हो सकती है लेकिन ये नहीं कहा कि इससे न्याय में बाधा आएगी.
ट्रंप और उनके समर्थक लगातार इस बात पर गुस्सा दिखाते रहे कि लोग उनकी 2016 की जीत में विदेशी हाथ बताते थे. उन्होंने खुफिया एजेंसी के निष्कर्षों को एक ‘डीप स्टेट’ के राजनीतिक रूप से लगाए गए आरोपों के तौर पर खारिज करने की मांग की है. जबकि बिडेन के प्रवक्ता ने कहा है कि 2016 में ट्रंप ने रूसी सहायता का खुली बाहों से स्वागत किया था.
विकीलीक्स ने भी क्लिंटन के कैंपेन की हजारों ई-मेल लीक की थीं और चुनाव से ठीक पहले वाले हफ्तों में क्लिंटन के खिलाफ काफी कुछ ऐसा लीक किया था, जिससे कि हिलेरी क्लिंटन की नेगेटिव इमेज बने.

