भोपाल, ब्यूरो। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सरपंचों की पंचायत बुलाई। शिवराज ने कहा कि आज हम फैसला कर रहे हैं कि SOR में परिवर्तन किया जाएगा और पिछली बाजार दर से नया SOR बनाया जाएगा।कपिलधारा योजना में कुआं खोदने की अनुमति आपको दी जाएगी। खेतों की सुदूर सड़क सम्पन्न योजना हम फिर से प्रारंभ कर रहे हैं। राज्य वित्त की जो राशि आती है, उसे हम आपके हिसाब से जारी करने का काम करेंगे। नामांतरण जैसे मामलों में पंचायत के पास अधिकार आ जाएँ। सीएम हेल्पलाइन में फर्जी शिकायत करने वालों के खिलाफ FIR करने की मांग आपकी तरफ से आई है। मैं यह व्यवस्था करूंगा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। मैं आपको अधिकार देता हूँ कि कोई भी जायज नाम बीपीएल की सूची में छूट गया हो, तो आप उसे भेजें, हम वो सभी नाम जोड़ेंगे। सरपंचों का मानदेय 1,750 रुपये है, इसे मैं बढ़ाकर 4,250 रुपये कर रहा हूँ जिससे आपका खर्च निकल सके। ग्राम पंचायत को प्रशासकीय स्वीकृति के अधिकार 15 लाख से बढ़ाकर 25 लाख किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में रोजगार सहायक की नियुक्ति की जाएगी। 15वें वित्त आयोग की राशि रु. 1,472 करोड़ जारी कर दी गई है। मैं आप सभी के साथ मिलकर सरकार चलाना चाहता हूँ। मामा हर कदम पर आपके साथ खड़ा है।


