भोपाल, ब्यूरो। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का निवास गुरुवार को राम नवमी के अवसर पर भक्तिमय माहौल में रंगा रहा। मुख्यमंत्री ने सपत्निक साधना सिंह के साथ शक्ति स्वरूपा कन्याओं को भोज कराकर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं आज के दिन प्रभु श्रीराम से सभी के मंगल और कल्याण की प्रार्थना करता हूं। प्रदेश के कल्याण के लिए प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद हमेशा हम पर बना रहे।
सशक्त नारी, सशक्त समाज
कन्या पूजन के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जिस समाज में नारी सशक्त होती है वही समाज सशक्त कहलाता है। मध्यप्रदेश में महिलाओं का आर्थिक राजनीतिक और सामाजिक सशक्तिकरण हो रहा है। मेरे चौथे कार्यकाल के 3 वर्ष हाल ही में पूरे हुए हैं इस कार्यकाल में हम तेजी से आगे बढ़े हैं महिलाओं के लिए लाडली बहना योजना लाड़ली लक्ष्मी योजना जैसी कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
सिद्धिदात्री की अनुकंपा सब पर बनी रहे
कन्या पूजन से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के सभी नागरिकों को रामनवमी की बधाई भी दी। उन्होंने ट्वीट किया कि आप सभी को महानवमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। मुख्यमंत्री ने लिखा- अष्ट सिद्धि, नौ निधियों की दाता मां सिद्धिदात्री की अनुकंपा हम सब पर सदैव बनीं रहे, मां सभी के मनोरथ को पूर्ण करें। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम जी की कृपा से आप सबके जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली का संचार हो, यही मेरी कामना है।