भोपाल, ब्यूरो। गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव परिणामों की मतगणना चल रही है। गुजरात में भाजपा जबरदस्त लीड ले रही है। लेते हुए दिख रही है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार गुजरात में भाजपा 151 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस सिर्फ 18 सीटों पर आगे दिख रही है। यहां पर कुल 182 सीटें हैं। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा के पास 99 सीटें थीं। लेकिन इस बार पार्टी दोगुनी सीटों के करीब पहुंचती दिखाई दे रही है। मतगणना के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बयान सामने आया है। उन्होंने गुरुवार को स्मार्ट सिटी पार्क में मीडिया से चर्चा करते हुए गुजरात की विजय को महाविजय बताया।
गौरतलब है कि शिवराज सिंह चौहान ने गुजरात में पांच से ज्यादा चुनावी रैलियां की थीं। शिवराज ने कहा कि गुजरात की विजय, विजय नहीं महाविजय है अभूतपूर्व है। ये केवल महाविजय नहीं है, माननीय श्रीमान नरेंद्र मोदी जी के प्रति श्रद्धा, विश्वास और स्नेह का प्रकटीकरण हुआ है। मोदी जी, जन जन के मन में वे बसे हैं। भारतीय जनता पार्टी के लिए ये विजय अद्भुत है अभूतपूर्व है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि गुजरात में जो विजय हुई है उसने सिद्ध किया है कि वास्तव में भी कल्पवृक्ष हैं। जनता असीम श्रद्धा उनके प्रति रखती है। जो विकास का मॉडल उन्होंने गुजरात मॉडल के रूप में दिया वो देश और दुनिया को कई मायने में दिशा दिखा रहा है। शिवराज ने कहा कि मैं गुजरात की जनता के प्रति हृदय से आभार जताता हूं।
शिवराज ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि गुजरात के चुनावी परिणाम से तय हो गया है कि कांग्रेस ने जनाधार खो दिया है। अभी ,राहुल जी भारत जोड़ यात्रा कर रहे हैं ऐसा ना हो बाद में उनको कांग्रेस खोजो यात्रा करनी पड़े। 20 के लगभग कांग्रेस का सिमट जाना, अपने आप में कांग्रेस की स्थिति क्या है इसका प्रकटीकरण भी करता है।
जहां गुजरात में विजय को महाविजय बताया वहीं, हिमाचल प्रदेश के चुनाव पर अपनी बात रखे बिना ही आगे बढ़ गए। गौरतलब है कि हिमाचल में वर्तमान मतगणना में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है। यहां की कुल 68 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस 39 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, भाजपा 26 सीटों पर सिमटती दिखाई दे रही है।