खंडवा जिले के नहाल्दा गांव में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गांव के पास स्थित बंद पड़ी गिट्टी खदान में गणेश प्रतिमा विसर्जन करने पहुंचे पांच युवक गहरे पानी में डूब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो सगे भाई गहरे पानी में लापता हो गए।लापता युवकों की पहचान विश्वास (17) और लक्ष्य (16) के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद खदान में दोनों युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।बताया जा रहा है, कि खदान में पानी काफी गहरा है, जिसके कारण रेस्क्यू टीम को सर्चिंग में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गोताखोरों की मदद से दोनों भाइयों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद हैं।हादसे के बाद ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है, कि खदान में पानी की गहराई अधिक होने के बावजूद यहां प्रतिमा विसर्जन किया जा रहा था। हादसे के बाद पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।फिलहाल एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम खदान के गहरे पानी में दोनों लापता भाइयों की तलाश में जुटी हुई है। परिजन दोनों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। घटनास्थल पर दोनों युवकों की सर्चिंग लगातार जारी है।


