बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां मधुमक्खियों के झुंड ने एक युवक पर अचानक हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवक को करीब एक किलोमीटर तक भागना पड़ा और अंत में पानी में डूबकर अपनी जान बचानी पड़ी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार, यह घटना खेड़ी सावलीगढ़ गांव के बस स्टैंड के पास शनिवार को हुई।
बबलू प्रजापति, जो हम्माली का काम करता है, नागपुर से आए एक ट्रक से मिर्च उतारने में लगा हुआ था। इसी दौरान पास में स्थित एक पुराने मकान में लगे मधुमक्खियों के छत्ते में हलचल हो गई, जिससे मधुमक्खियां अचानक आक्रामक हो गईं।देखते ही देखते मधुमक्खियों का झुंड वहां मौजूद लोगों पर टूट पड़ा। मौके पर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन मधुमक्खियों ने बबलू को निशाना बना लिया और लगातार उसका पीछा करती रहीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक लगभग एक किलोमीटर तक भागता रहा, लेकिन मधुमक्खियों का झुंड उसका पीछा नहीं छोड़ रहा था। लोगों ने मधुमक्खियों को भगाने के लिए आग और धुएं का सहारा लिया, फिर भी स्थिति पर काबू नहीं पाया जा सका।आखिरकार आसपास मौजूद लोगों की सलाह पर युवक पास ही एक होटल के पानी के टैंक में उतर गया और बार-बार डुबकी लगाकर खुद को बचाने की कोशिश करता रहा। कुछ समय बाद जब मधुमक्खियां शांत हुईं, तब उसे बाहर निकाला गया।हमले में घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।