मध्यप्रदेश ब्यूरो। मानसून सीजन में तीन महीनों के लिए बंद रहने वाले सभी टाइगर रिजर्व, नेशनल पार्क और अभयारण्यों में 1 अक्टूबर से पर्यटकों की एंट्री शुरू हो गई है। यह टाइगर रिजर्व पर्यटकों के लिए खोले जा चुके हैं। अब आप भी टाइगर के साथ ही अन्य वन्यजीवों का दीदार कर सकते हैं। वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि नवरात्रि के चलते अभी ज्यादा बुकिंग नहीं है। आपको बता दें कि मानसून सीजन में तीन महीनों के लिए सभी टाइगर रिजर्व, नेशनल पार्क और अभयारण्यों में प्रवेश बंद कर दिए जाते हैं। मध्यप्रदेश में पर्यटन की दृष्टि से देखा जाए तो सबसे ज्यादा पर्यटक यहां बाघ देखने आते हैैं।
क्या होता है कोर जोन, बफर जोन
हर टाइगर रिजर्व में एक कोर जोन होता है और एक बफर जोन। अब पर्यटक टाइगर रिजर्व के कोर जोन में जाकर बाघों को देख सकेंगे। कोर जोन वह इलाका होता है जहां बाघ का सबसे ज्यादा मूवमेंट रहता है और यहीं पर पर्यटकों को बाघ दिखने की संभावना सबसे ज्यादा रहती है। एक जुलाई से 30 सितंबर तक सभी नेशनल पार्क के कोर जोन में पर्यटन प्रतिबंधित रहता है।
मध्य प्रदेश में कितने टाइगर रिजर्व हैं
मध्यप्रदेश में 6 टाइगर रिजर्व सतपुड़ा, पन्ना, पेंच, कान्हा, बांधवगढ़ और संजय-दुबरी हैं। जबकि इसके अलावा 5 नेशनल पार्क और 10 अभयारण्य हैं।
तो क्या चीतों के दर्शन हो पाएंगे…?
लेकिन हमें पता आपका जी कूनो के चीते देखने को ललायित है। आखिर हों भी क्यों न 75 वर्षों से देश ने चीतों को देखा तक नहीं है। लेकिन आपको इंतजार करना होगा। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से 8 चीते लाए गए हैं। नामीबिया से लाए गए सीटों की वजह से सुर्खियों में आए कूनो नेशनल पार्क में फिलहाल 15 अक्टूबर तक के लिए पर्यटन बंद रहेगा। हाल ही के दिनों में शिवपुर में हुई जोरदार बारिश के बाद कूनो नेशनल पार्क में फिलहाल रास्तों को दुरुस्त नहीं किया जा सका है और इसलिए फैसला किया गया है कि कूनो नेशनल पार्क के गेट 15 अक्टूबर के बाद खोले जाएं। इसके बावजूद पर्यटक चीतों को नहीं देख सकेंगे। दरअसल, वाइल्डलाइफ गाइडलाइन के अनुसार, चीतों को तब तक उनके लिए बनाए गए विशेष बाड़ों से बाहर नहीं लाया जाएगा जब तक उनके लिए बनाई गई स्पेशल टास्क फोर्स हरी झंडी नहीं दे देती। तब तक पर्यटक चीतों को नहीं देख सकेंगे।
ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं
नेशनल पार्क को टाइगर रिजर्व में जाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग एक महीने पहले ही खोल दी गई थी। अगर आप भी मध्य प्रदेश के नेशनल पार्क को टाइगर रिजर्व में जाना चाहते हैं तो फिर forest.mponline.gov.in में जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसी लिंक पर जाकर आप नेशनल पार्क के भीतर घूमने के लिए जिप्सी की बुकिंग भी कर सकेंगे। इसके अलावा सभी नेशनल पार्क में फॉरेस्ट गेस्ट हाउस निजी रिजॉर्ट और होटल पर्यटकों की आवभगत के लिए तैयार हैं।
