- महाराष्ट्र के 38 लैब में हर रोज 7112 टेस्ट
- राज्य में मरीजों की संख्या हुई 5 हजार 64
- गुजरात में 2 हजार 407 लोग संक्रमित
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों की तादाद तेजी से बढ़ रही है. राज्य में 24 घंटे में करीब पांच सौ नए सामने सामने आए हैं. वहीं गुजरात में आंकड़ा ढाई हजार के करीब पहुंच गया है. देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 20 हजार को पार कर गया है, जबकि इस जानलेवा बीमारी की चपेट में आकर 652 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.
महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों के तेजी से बढ़ते आंकड़ों के बीच राज्य सरकार ने एक अच्छी खबर दी है. इस खबर के मुताबिक महाराष्ट्र में अब मरीजों के दोगुना होने की रफ्तार कम होकर सात दिन पर आ गई है. यानी पॉजिटिव मरीजों की संख्या 7 दिन बाद दोगुनी होती है. इस बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने दावा किया है कि महाराष्ट्र टेस्टिंग के मामले में सबसे आगे है.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि महाराष्ट्र में कोरोना जांच के लिए 38 लैंब हैं, जिनमें हर दिन 7112 टेस्ट हो रहे हैं. इसके साथ ही राज्य में हॉटस्पॉट्स की संख्या 14 से कम होकर 5 पर आ गई है. मुंबई, मुंबई महानगरीय क्षेत्र या MMR, नागपुर, पुणे और मालेगांव ही 5 हॉटस्पॉट हैं, जहां कोरोना के मरीजों की संख्या ज्यादा है.
हालांकि, सबसे बड़ी चिंता धारावी को लेकर बनी है, जहां घर में क्वारनटीन का कोई मतलब नहीं, क्योंकि एक ही घर में या कहें कि एक ही कमरे में कई लोग रहते हैं. केंद्र की टीम ने दौरे के बाद स्कूलों या अन्य संस्थानों में लोगों को क्वारनटीन में रखने का सुझाव दिया है.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 432 मरीज सामने आए हैं. वहीं कुल 18 लोगों की मौत हुई है. मुंबई में 24 घंटे में 232 नए मरीज मिले हैं. इसके साथ ही महाराष्ट्र में कुल मरीजों की संख्या जहां 5649 हो गई है, वहीं मुंबई में कोरोना के कुल 3683 मामले हैं. पूरे प्रदेश में अब तक 250 से अधिक लोग जान गंवा चुके हैं.
महाराष्ट्र के पड़ोसी राज्य गुजरात में भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. यहां आंकड़ा ढाई हजार के करीब पहुंच चुका है. राज्य में 24 घंटे में 229 नए मामले सामने आए हैं. वहीं 13 मरीजों की मौत हुई है. मरीजों की कुल संख्या जहां अब तक 2407 हो चुकी है, वहीं 103 लोग जान गंवा चुके हैं.
अहमदाबाद में जहां कोरोना के करीब एक हजार से अधिक मरीज हैं, वहीं सूरत में चार सौ से ज्यादा पीड़ित हैं. इस बीच सूरत के विधायक ने कोरोना पीड़ितों के लिए 5 स्टार होटल से खाने का इंतजाम कराया है. विधायक हर्ष सांघवी के मुताबिक, सिविल अस्पताल में भर्ती मरीजों की शिकायत थी कि उन्हें मिल रहा खाना खाने के लायक नहीं है.

