ग्वालियर। शहर के सिटी सेंटर इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार के चालक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और कार अनियंत्रित होकर सड़क पर दौड़ने लगी। बताया जा रहा है कि कार चला रहे यूनियन बैंक के कर्मचारी गिर्राज बघेल को अचानक अटैक आया, जिसके बाद कार ब्रेकर से उछलकर करीब आधा दर्जन वाहनों से टकरा गई। हादसे में एक महिला सहित कई लोग घायल हो गए। गंभीर हालत में बैंककर्मी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही यूनिवर्सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि चालक की तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।


