पन्ना जिले के शाहनगर में पदस्थ एसडीएम रामनिवास चौधरी से जुड़ा एक मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोप है कि मोबाइल कवर की डिलीवरी को लेकर हुए विवाद के बाद डिलीवरी बॉय विजय कुशवाहा को पुलिस ने हिरासत में लेकर BNSS की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए पवई उपजेल भेज दिया।जानकारी के अनुसार, एसडीएम ने ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट से मोबाइल के दो कवर ऑर्डर किए थे, जिनकी कुल कीमत करीब 120 रुपये बताई जा रही है। आरोप है कि डिलीवरी के दौरान एक ही कवर पहुंचा। डिलीवरी बॉय विजय कुशवाहा के मुताबिक, ऑर्डर में हुई त्रुटि की जानकारी देते हुए उसने सामान वापस करने की प्रक्रिया अपनाने की बात कही।इसी दौरान विवाद की स्थिति बनी और आरोप है कि डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज की गई। इसके बाद शाहनगर पुलिस को मौके पर बुलाया गया और पुलिस ने विजय कुशवाहा को हिरासत में ले लिया। बाद में उसके खिलाफ BNSS की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए पवई उपजेल भेज दिया गया।घटना के बाद डिलीवरी बॉय ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर अपना पक्ष रखा, जिसके बाद मामला गरमा गया है। वहीं, थाना प्रभारी परशुराम डावर के अनुसार, एसडीएम कार्यालय से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। एसडीएम की ओर से डिलीवरी बॉय पर अभद्रता करने का आरोप लगाया गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।फिलहाल, पूरे मामले में डिलीवरी बॉय के आरोप और प्रशासन का पक्ष सामने आया है। वायरल वीडियो और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।