बागेश्वर धाम का पाँचवां ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन संपन्न, लाखों परिवारों ने एक साथ दी आहुति

20 अप्रैल को बागेश्वर धाम में पाँचवाँ ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। हर घर में हवन की पद्धति को पुनः जागृत करने के उद्देश्य से धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कुछ समय पूर्व पाँच हनुमान चालीसा हवन करने का संकल्प लिया था। इस श्रृंखला का पहला हवन 4 दिसंबर को आयोजित हुआ था, जिसके बाद प्रत्येक माह एक-एक हवन किया गया। पाँचवें हवन में बागेश्वर महाराज के सान्निध्य में देश-विदेश के लाखों सनातनी परिवारों ने जुड़कर हवन कुंड में हनुमान चालीसा की चौपाइयों पर आहुति दी। इस भव्य आयोजन के माध्यम से घर-घर में सकारात्मक ऊर्जा के संचार और नकारात्मकता को दूर करने का संदेश दिया गया।

हवन के दौरान लाखों परिवारों ने “नारियल उतारा” का विशेष उपाय भी किया। इससे पूर्व आयोजित हवनों में आर्थिक तंगी और कर्ज से मुक्ति की कामना जैसे उद्देश्य भी जुड़े रहे, जिससे यह आध्यात्मिक अभियान लोगों के जीवन में आशा और विश्वास का माध्यम बनता जा रहा है। देश-विदेश में बसे सनातनियों ने एक अद्भुत आध्यात्मिक एकता का परिचय देते हुए अपने-अपने घरों से इस हवन में भाग लिया। पाँचवें ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन में आस्था का,अभूतपूर्व सागर उमड़ पड़ा।

बागेश्वर धाम के आधिकारिक यूट्यूब चैनल के माध्यम से 4 लाख से अधिक परिवारों ने एक साथ हवन कर दिव्य ऊर्जा का अनुभव किया। यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर सनातन संस्कृति की शक्ति, श्रद्धा और सामूहिक चेतना का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा। अगला छठवां हनुमान चालीसा हवन 4 जून को आयोजित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here