इंदौर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने करीब 70 करोड़ रुपये के मेफेड्रोन (MD) ड्रग तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेद प्रकाश व्यास, दिनेश अग्रवाल और अक्षय अग्रवाल के रूप में हुई है। यह मामला इंदौर क्राइम ब्रांच में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू हुई जांच से जुड़ा है।जांच में करीब 70 किलोग्राम मेफेड्रोन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 करोड़ रुपये बताई गई है, की तस्करी का मामला सामने आया है। ईडी के अनुसार आरोपियों ने ड्रग तस्करी से प्राप्त धन को बैंक खातों के जरिए लेयरिंग कर छिपाने और मनी लॉन्ड्रिंग करने का प्रयास किया।इससे पहले 17 जुलाई 2026 को ईडी ने इंदौर और मंदसौर में विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए थे। मामले में ईडी की जांच अभी जारी है। एजेंसी ने नशा मुक्त भारत के लक्ष्य के तहत मादक पदार्थों के वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी पर जोर दिया है।


