कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा में दीपावली मिलन समारोह, मंत्री की गैरमौजूदगी और बैनर से तस्वीर गायब होने पर सियासी चर्चाएं तेज

इंदौर की विधानसभा क्रमांक-1, जो प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का विधानसभा क्षेत्र है, यहां आयोजित दीपावली पुरस्कार एवं उपहार वितरण कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बन गई। कार्यक्रम का आयोजन बीजेपी नेता एवं पार्षद पति मनोज मिश्रा द्वारा किया गया था। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में लगाए गए बैनरों पर भी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की तस्वीर नजर नहीं आई, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, विधायक मनोज पटेल सहित बीजेपी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। एक तरफ जहां कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही, वहीं विधानसभा क्षेत्र के विधायक और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की गैरमौजूदगी ने सभी का ध्यान खींचा। इसके साथ ही बैनरों से उनकी तस्वीर गायब होना भी चर्चा का विषय बना रहा। कार्यक्रम में पहुंचे बीजेपी विधायक मनोज पटेल से जब इस आयोजन को लेकर गुटबाजी के सवाल पूछे गए तो उन्होंने कहा कि जिस तरह का कार्यक्रम था, उसके लिए आयोजकों ने उन्हें आमंत्रित किया था और वह कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं।

वहीं कार्यक्रम के आयोजक बीजेपी नेता एवं पार्षद पति मनोज मिश्रा ने कहा कि दीपावली के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें उपस्थित सभी लोगों को दीपावली के उपहार दिए गए। बैनरों पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की तस्वीर नहीं होने के सवाल पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि कुछ कार्यकर्ताओं ने बैनर तैयार करवाए थे, उनसे भूल हो गई। बैनरों पर वही पुराने फोटो लगा दिए गए, जो पहले से इस्तेमाल होते आ रहे हैं।फिलहाल विधानसभा क्रमांक-1 में हुए इस आयोजन में मंत्री की गैरमौजूदगी और बैनर से उनकी तस्वीर गायब रहने को लेकर बीजेपी के अंदर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि आयोजक ने इसे कार्यकर्ताओं की भूल बताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here