ग्वालियर: शहर के मुरार थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पलक रजक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। ससुराल पक्ष का दावा है कि पलक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की, जबकि मायके पक्ष ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक पलक रजक की शादी 25 अप्रैल 2025 को अमित रजक से हुई थी, जो एयरफोर्स में आउटसोर्स कर्मचारी बताया जा रहा है। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल वाले कार की मांग कर रहे थे। आरोप है कि पति अमित भी अपनी मां और भाई का समर्थन कर रहा था। परिवार का कहना है कि शादी में दी गई एफडी भी ससुराल पक्ष ने तुड़वा ली थी।
मृतका के भाई प्रिंस ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन पलक ने फोन कर उसे बुलाया था। उसने कहा था कि “मुझे यहां से ले जाओ, नहीं तो ये लोग मुझे मार देंगे।” प्रिंस जब बहन को लेने जा रहा था, तभी ससुराल पक्ष का फोन आया और बताया गया कि पलक अस्पताल में भर्ती है। अस्पताल पहुंचने पर प्रिंस को पलक स्ट्रेचर पर मृत अवस्था में मिली।
मौत से दो दिन पहले पलक द्वारा बनाई गई सोशल मीडिया रील्स भी अब जांच के दायरे में हैं। इन रील्स में उसने डिप्रेशन, एंजाइटी और घुटन जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। परिजनों का दावा है कि पलक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले थे।हालांकि शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है, लेकिन पुलिस अब मामले में सेकेंड ओपिनियन लेने की तैयारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।मामले में एएसपी जयराज कुबेर ने बताया कि पुलिस सभी तथ्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।