बालाघाट के बहुचर्चित डबलमनी कांड में पुलिस को अब तक की बड़ी सफलता मिली है। 500 करोड़ रुपये से अधिक की निवेश ठगी के मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड सोमेंद्र कांकरायने को बालाघाट पुलिस ने उत्तराखंड के हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके साथ 7 अन्य आरोपियों को भी पकड़ा है। इस मामले में जिले के अलग-अलग थानों में 63 से अधिक एफआईआर दर्ज हैं और हजारों निवेशकों की गाढ़ी कमाई दांव पर लगी है। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क और ठगी के पैसों के लेन-देन का पता लगाने में जुटी है।
बालाघाट जिले का बहुचर्चित डबलमनी कांड एक बार फिर सुर्खियों में है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और पूरे नेटवर्क के कथित मास्टरमाइंड सोमेंद्र कांकरायने को बालाघाट पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कार्रवाई में उसके साथ 7 अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी गिरोह लोगों को कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देकर निवेश कराता था। शुरुआत में कुछ निवेशकों को मैच्योरिटी की रकम देकर उनका भरोसा जीता गया, लेकिन बाद में करोड़ों रुपये जमा करने के बाद नेटवर्क बंद कर दिया गया। मामले में जिले के अलग-अलग थानों में 63 से अधिक एफआईआर दर्ज हैं और ठगी की रकम 500 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। इस पूरे मामले में हजारों निवेशकों के ठगे जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती गिरफ्तारी के बाद सोमेंद्र कांकरायने जमानत पर बाहर आया और फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने हरिद्वार में साधु का भेष बना लिया और धार्मिक स्थलों के आसपास रह रहा था। इधर पुलिस ने आरोपी की करोड़ों रुपये की संपत्तियां सीज करने के साथ ही जमीनों की रजिस्ट्री पर भी रोक लगाई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने रणनीति के तहत एक जमीन की रजिस्ट्री की अनुमति दी। इसके बाद आरोपी और उसके साथियों ने टेलीग्राम ऐप के जरिए बातचीत और लेन-देन शुरू किया। यही पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ। तकनीकी निगरानी और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस की विशेष टीम हरिद्वार पहुंची और योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर मुख्य आरोपी समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में गिरोह के तार मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ तक जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में डबलमनी कांड से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं और मामले में आगे भी गिरफ्तारियां संभव हैं। अब पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क और ठगी की रकम के प्रवाह का पता लगाया जा सके।


