मऊगंज में आयोजित सामूहिक विवाह के आयोजन के दौरान खाने के पैकेट में मिले कीड़े, सम्मेलन में रीति रिवाज के अनदेखी के लगे आरोप

मऊगंज जिले के नईगढ़ी में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्यादान योजना के तहत, 176 जोड़ों की शादी और निकाह का आयोजन किया गया। नवीन स्टेडियम में हुए इस भव्य कार्यक्रम में जहां खुशियों का माहौल था, वहीं खाने में कीड़ा मिलन के कारण हंगामा भी हुआ। हालांकि इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में रीति रिवाज की अनदेखी के भी आरोप सामने आए है।

मऊगंज जिले के नईगढ़ी में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह/निकाह योजना का आयोजन, इस बार चर्चा और विवाद दोनों का केंद्र बन गया है। यहां एक ही मंच से 176 जोड़ो का विवाह संपन्न कराया गया, लेकिन आयोजन की व्यवस्थाओं ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कार्यक्रम में रीति-रिवाजों की अनदेखी के आरोप सामने आए हैं। आचार्यों का कहना है कि विवाह स्थल पर न तो हवन कुंड की उचित बेदी थी, न ही सिंदूर, अक्षत, अगरबत्ती और फूलमाला जैसी आवश्यक धार्मिक सामग्री उपलब्ध कराई गई। ऐसे में विवाह की औपचारिकता तो पूरी कर दी गई, लेकिन परंपरागत रस्में अधूरी रह गईं।

इतना ही नहीं, भोजन के पैकेट में कीड़े निकलने की शिकायत ने भी, आयोजन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आयोजन के दौरान उस समय स्थिति बिगड़ गई, जब सामाजिक न्याय विभाग की ओर से बांटे गए खाने के पैकेट में कीड़ा मिलने की बात सामने आई। एक व्यक्ति ने जैसे ही अपना पैकेट खोला, उसमें कीड़ा रेंगता दिखा। यह देखते ही वहां मौजूद लोग भड़क गए और खाने की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जाहिर की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here